बलरामपुर। जिला प्रशासन ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर की करीब चार करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की है। हत्या की साजिश तथा गैंगेस्टर में जेल में बंद पूर्व सांसद रिजवान जहीर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। तुलसीपुर नगर के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद पप्पू की हत्या की साजिश में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, अपनी बेटी जेबा रिजवान तथा दामाद रमीज के साथ जेल में हैं। गैंगेस्टर के तहत प्रशासन ने उनकी कोठी, जमीन व तीन बैंक खातों को जब्त कर लिया है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब चार करोड़ रुपए बताई जा रही है। प्रशासन ने तुलसीपुर नगर में डुग्गी-मुनादी कराकर जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
डीएम श्रुति के आदेश पर गुरुवार को तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दूबे ने सीओ प्रभात कुमार व भारी फोर्स के साथ पूर्व सांसद की शीतलापुर गांव स्थित कोठी पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। एसडीएम मंगलेश दूबे ने बताया कि, पूर्व सांसद की पत्नी सैय्यदा हुमा फातिमा के नाम गाटा संख्या 298 में स्थित कोठी को जब्त कर लिया गया है। कोठी के प्रत्येक कमरे की वीडियोग्राफी कराई गई है। कोठी की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। इसके अलावा एक प्लाट भी जब्त किया गया है।
पूर्व सांसद के नाम भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक तथा प्रथमा सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में स्थित खातों को भी जब्त कर लिया गया है। जब्त की गई सभी संपत्तियों व बैंक खातों की कीमत करीब चार करोड़ रुपए है। उनके आवास की पैमाइश भी की गई है। उनके घर के अंदर रखे सामानों की सूची बनाई गई है।
एसडीएम ने बताया कि, पूर्व सांसद का नाम प्रदेश के गैंगेस्टर आरोपियों में टॉपटेन की सूची में शामिल है। पूर्व सांसद के जमीनों की पड़ताल की जाएगी। अगर कहीं अवैध कब्जा मिला तो उसपर बुल्डोजर भी चलाया जाएगा।


0 Comments
कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।