कटरा बाजार गोंडा।।शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार पर मरीज के परिजन और डॉक्टर के बीच जमकर हाथापाई और मारपीट हुई। मारपीट के बाद डॉक्टर व कर्मचारियों ने अस्पताल बंद कर हड़ताल कर दिया। सूचना पर पहुंचे अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आदित्य वर्मा ने सीएचसी पहुंचकर इमरजेंसी सेवाएं बहाल कराई लेकिन ओपीडी चालू नहीं हो सकी अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीज परेशान और भटकते देखे गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में शुक्रवार को एक महिला इलाज के लिए आई हुई थी महिला की सांस काफी बढ़ी थी और उसकी हालत नाजुक थी। ओपीडी में कार्यरत डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने उसको प्राथमिक उपचार के बाद गोंडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन उसको गोंडा ले जाने को तैयार नहीं हुए जिससे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।महिला के साथ आए दूसरे गांव के युवक नरेंद्र कुमार तिवारी ने तैनात वार्ड ब्वाय सुधीर पाण्डेय व डाक्टर अरुण कुमार सिंह से बहसबाजी और अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जिससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। इस घटना से आहत होकर अस्पताल के डाक्टर व कर्मचारियों ने अस्पताल बंद कर दिया। अधीक्षक डॉ इंदु राणा ने बताया कि आए दिन यहां पर लोग स्टाफ के साथ बदतमीजी करते हैं जिससे यहां कार्य करने से असुरक्षा महसूस किया जा रहा है।
अपर चिकित्साधिकारी ने पहुंचकर इमरजेंसी बहाल कराई
प्रभारी चिकित्साधिकारी इंदु राणा ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी को दिया जिस पर पहुंचे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी आदित्य वर्मा ने कर्मचारियों को समझाबुझा कर इमरजेंसी सेवा बहाल कराई।
मामले की जानकारी होने पर क्षेत्र में ही मौजूद उप जिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा ने सीएचसी पहुंचकर डॉक्टर अरुण व वार्ड ब्वाय सुधीर कुमार से घटना की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि मारपीट करने वाले युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उसके बाद सीएचसी में भ्रमण कर ओपीडी, दवा भंडारण कक्ष, प्रसव कक्ष, इमरजेंसी का निरीक्षण किया। अस्पताल और प्रसव कक्ष में फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए रोज साफ सफाई के भी निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मारपीट के आरोपी हिरासत में है।



0 Comments
कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।