गोण्डा।।श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज श्री अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में एस0ओ0जी0/सर्विलांस व को0 कर्नलगंज की संयुक्त टीम द्वारा नरायनपुर मांझा के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25,000/- रू0 का इनामिया शातिर बदमाश अमित तिवारी उर्फ घुरले पुत्र राजितराम नि0 ढेहवा करनीपुर थाना तरबगंज जनपद गोण्डा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलहा मय कारतूस, 01 अदद सुपर स्पेलेण्डर मोटरसाईकिल व विभिन्न छिनैती के 22,000/- रुपये नकद बरामद किया गया।
दिनांक 19.02.2026 को वादी अंकुश तिवारी पुत्र सुशील तिवारी निवासी ग्राम सोनहरा जियापुरवा थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 कर्नलगंज में सूचना दी गयी कि वह अपनी माता के साथ बाइक से विवाह कार्यक्रम में जा रहे थे। समय करीब 01ः35 बजे दिन चकरीत बाजार से लगभग 01 किमी पहले दो अज्ञात पल्सर बाइक सवार व्यक्तियों द्वारा उनकी माता के कान की झुमकी झपट्टा मारकर लूट ली गई, जिससे उनकी माता का कान फट गया एवं चोट आई । अभियुक्तगण घटना के बाद मौके से फरार हो गए । वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 कर्नलगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। छिनैती की घटना को संज्ञान में लेते पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा तत्काल अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के पर्यवेक्षण में 04 पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा प्रभारी एस0ओ0जी0/सर्विलांस को भी घटना के सफल अनावरण हेतु लगाया गया था। पुलिस टीम द्वारा तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घटनास्थल के आसपास तथा संभावित स्थानों पर CCTV कैमरों का अवलोकन कर संदिग्धों को चिन्हित किया गया तथा सघन चेकिंग की कार्यवाही प्रारम्भ की गई । इसी क्रम में को0 कर्नलगंज पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए दिनांक 27.03.2026 को प्रकाश में आये शातिर बदमाश विवेक पाण्डेय उर्फ विक्कू पुत्र सुशील कुमार पाण्डेय निवासी शिवबक्स पुरवा, थाना तरबगंज, जनपद गोण्डा को कुतुबपुर बंधा मोड़ से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से विभिन्न छिनैती के 11,900/- रू0 नकद व घटना में प्रयुक्त 01 अदद चोरी की मोटरसाईकिल बरामद किया गया था । जिसमें फरार चल रहे आरोपी अभियुक्त अमित तिवारी उर्फ घुरले की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा 25,000/- रू0 का इनाम घोषित किया गया था। जिसकी गिरफ्तारी हेतु आज दिनांक 30.03.2026 को थाना को0 कर्नलगंज व एस0ओ0जी0/सर्विलांस की संयुक्त टीम क्षेत्र में भ्रमण शील थी कि सूचना प्राप्त हुई कि शातिर बदमाश नारायणपुर मांझा की तरफ सुपर स्पेलेण्डर मोटरसाईकिल से आ रहे है। पुलिस टीम द्वारा नारायणपुर मांझा के पास शातिर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया गया। जिसमें बदमाश द्वारा स्वयं को घिरता हुआ पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गयी। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में शातिर बदमाश अमित तिवारी उर्फ घुरले के पैर में गोली लगी, घायल को उपचार हेतु तत्काल जिला अस्पताल गोण्डा में भर्ती कराया गया। पुलिस द्वारा बदमाश के कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर मय 01 अदद जिन्दा व 01 अदद खोखा कारतूस, 01 सुपर स्पेलेण्डर मोटरसाईकिल, विभिन्न छिनैती के 22,000/- रू0 नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 कर्नलगंज में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जो अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के कान के झुमके व अन्य आभूषण नोचकर छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता था। अभियुक्त द्वारा जनपद गोण्डा के थाना कर्नलगंज एवं थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में तथा जनपद बस्ती में भी कई छिनैती की घटनाएं कारित की गई हैं । गिरफ्तार अभियुक्त से उसके द्वारा कारित अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ व बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।



0 Comments
कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।